जशपुरनगर | 29 अप्रैल 2026
जशपुर जिले के विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्र की जनता को बिजली के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सौगात दी है। पिछले लंबे समय से लो-वोल्टेज और बिजली की अघोषित कटौती से जूझ रहे ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिले के 133 गांवों, नगरों और टोला-मोहल्लों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस निर्णय से न केवल बिजली आपूर्ति में स्थिरता आएगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या का भी स्थायी समाधान हो सकेगा। इस पहल का सबसे सीधा और सकारात्मक प्रभाव किसानों की सिंचाई व्यवस्था, छात्रों की पढ़ाई और छोटे व्यापारियों के कामकाज पर पड़ेगा।
विद्युत विकास की दिशा में जशपुर को केवल ट्रांसफार्मर ही नहीं, बल्कि कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स की भी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कुनकुरी के हर्राडांड में प्रदेश का पांचवां सबसे बड़ा 400/220 केवी का अत्याधुनिक उपकेंद्र स्थापित किया जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र की ऊर्जा क्षमता को बदल कर रख देगा। इसके साथ ही सलिहाटोली, विपतपुर, भगोरा, समडमा, मैनी, रेड़े, पालीडीह, खुटेरा और चेटवा जैसे क्षेत्रों में नए 33/11 केवी के सब-स्टेशन निर्मित किए जा रहे हैं। वहीं फरसाबहार और झिक्की बगीचा में 132/33 केवी के उच्च क्षमता वाले केंद्रों की स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे जिले का पावर ग्रिड नेटवर्क बेहद मजबूत हो जाएगा।
इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से जशपुर के औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों को नई संजीवनी मिलेगी। बिजली की गुणवत्ता में सुधार होने से ग्रामीणों के जीवन स्तर में गुणात्मक परिवर्तन आएगा। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इन बड़ी उपलब्धियों के बाद पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि बिजली की यह सुदृढ़ व्यवस्था जिले की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगी।

