सुंदरगढ़ (ओडिशा): ओडिशा के सुंदरगढ़ जिला में चांदीपोष इलाके में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक यात्री बस और ट्रक के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जान चली गई है, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, ‘प्रमिला’ नामक बस राउरकेला से जाजपुर की ओर जा रही थी। हादसा उस वक्त हुआ जब बस चांदीपोष स्थित एक पेट्रोल पंप से बाहर निकल रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई, जहां सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की सक्रियता से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए लगभग एक दर्जन एंबुलेंस के जरिए उन्हें विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। कई यात्रियों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हाईटेक अस्पताल सहित अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है।
ISRO का बड़ा ऐलान: अब आम नागरिक भी बन सकेंगे अंतरिक्ष यात्री
घटना की सूचना मिलते ही विधायक शारदा नायक, उनके प्रतिनिधि प्रेम दास और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, दो लोगों की मौत दुर्घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हालांकि, मृतकों की संख्या और पहचान को लेकर अभी प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
NHAI का बड़ा फैसला: अब दोपहर 12 से 4 बजे तक हाईवे पर काम बंद, लू से मज़दूरों को बचाने के लिए जारी की नई गाइडलाइन

