रायगढ़। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र के स्थानीय प्लांटों में चोरी-छिपे खपाने के लिए ले जाए जा रहे अवैध स्क्रैप के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने अलग-अलग छह मामलों में नाकेबंदी कर 5 भारी ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा है। वाहनों की तलाशी लेने पर कुल 129.840 टन संदिग्ध लोहा, टीन, रॉड और ऑटोमोबाइल पार्ट्स का स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 53.60 लाख रुपये आंकी गई है। जब्त किए गए 6 वाहनों (कीमत लगभग 68 लाख रुपये) सहित कुल जब्ती का मूल्य लगभग 1.21 करोड़ रुपये है।
दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक, चोरी का माल होने का संदेह
पुलिस की पूछताछ के दौरान किसी भी वाहन का चालक स्क्रैप के परिवहन, खरीद-बिक्री या संबंधित उद्योगों से जुड़े वैध कागजात पेश नहीं कर सका। संबंधित प्लांटों से संपर्क करने पर भी गेट पास या इनवर्ड परमिट जैसे दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने सभी 6 वाहनों और 129 टन से अधिक स्क्रैप को विधिवत जब्त कर चालकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के सुसंगत प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पहली कार्रवाई: स्केनिया प्लांट के पास 14 चक्का ट्रक पकड़ाया
थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक UP 63 AT 2054 में भारी मात्रा में टीन, रॉड व लोहे के पार्ट्स लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है।
-
पुलिस ने रायगढ़ रोड स्थित स्केनिया प्लांट के पास वाहन को रोककर जांच की।
-
चालक राकेश गिरी (निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश) ने स्क्रैप को सरगुजा से लोड करना बताया, लेकिन कोई वैध बिल नहीं दिखा सका।
-
वाहन से करीब 23.990 टन स्क्रैप (कीमत ₹8.49 लाख) और ₹15 लाख कीमत का ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
तमनार चौक पर नाकेबंदी: 5 और वाहनों पर शिकंजा
इसके बाद पुलिस को रायगढ़ रोड व पूंजीपथरा-तमनार चौक के रास्ते अन्य वाहनों से भी अवैध स्क्रैप सप्लाई की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर 5 संदिग्ध वाहनों को पकड़ा:
-
ट्रक (CG 14 MF 0223): चालक जहांगीर अंसारी (लोहरदगा, झारखंड) के कब्जे से करीब 18.350 टन स्क्रैप (कीमत ₹7.70 लाख) जब्त।
-
12 चक्का ट्रक: चालक मनीष कुमार (पटना, बिहार) के कब्जे से करीब 24.830 टन स्क्रैप (कीमत ₹10.54 लाख) बरामद।
-
माजदा (CG 22 U 3873): चालक अभिमन्यु साहू (सारंगढ़-बिलाईगढ़) के कब्जे से करीब 13.040 टन स्क्रैप (कीमत ₹5.77 लाख) पकड़ा गया।
-
ट्रक (OD 29 D 325): चालक अविनाश कुमार (भुवनेश्वर, ओडिशा) के कब्जे से 25.510 टन स्क्रैप (कीमत ₹10.83 लाख) जब्त।
-
ट्रक (OD 19 C 4666): चालक राकेश कुमार (पटना, बिहार) के कब्जे से 24.120 टन स्क्रैप (कीमत ₹10.24 लाख) बरामद।
स्क्रैप सिंडिकेट और प्लांटों की भूमिका की जांच जारी
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव की टीम द्वारा की गई।
कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा, राजकुमार पैंकरा, आरक्षक हेमसागर सागर, आदिकंद प्रधान और विनय तिवारी की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के स्रोत (Source), स्थानीय खरीदारों और प्लांट प्रबंधन की सांठगांठ की विस्तृत कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।























