बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट तथा CJP प्रवक्ता सौरव दास के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। छात्र आंदोलन और हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर दिए गए बयानों के बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर तीखी जुबानी जंग देखने को मिली।
दरअसल, सौरव दास ने एक मीडिया बातचीत के दौरान कहा कि “कंगना रनोट को उनकी अपनी पार्टी भी गंभीरता से नहीं लेती, इसलिए बाकी लोगों को भी उन्हें सीरियसली लेने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि नई पीढ़ी कंगना को गंभीर नेता के तौर पर नहीं देखती और सांसद बनने के बाद काम के बोझ को लेकर दिए गए उनके पुराने बयान का भी जिक्र किया।
सौरव दास के बयान पर कंगना रनोट ने सोशल मीडिया के जरिए तीखा जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने गूगल पर सौरव की उम्र देखी, जो करीब 28 साल है। कंगना ने कहा कि “तुम्हारी उम्र तक मैं दो नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी थी। मैं पिछले 20 साल से सार्वजनिक जीवन में हूं और पिछले दो साल से सक्रिय राजनीति में हूं।”

कंगना ने आगे लिखा कि जो व्यक्ति पूरी तरह “बेकार और बेरोजगार” हो, वह कभी नहीं समझ सकता कि एक साथ कई जिम्मेदारियां निभाने का क्या मतलब होता है। उन्होंने सौरव दास को सलाह देते हुए कहा कि पहले कोई स्किल सीखें और फिर दूसरों पर टिप्पणी करें।
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छात्र आंदोलनों और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं को लेकर देशभर में बहस जारी है। कंगना रनोट लगातार सोशल मीडिया पर छात्र आंदोलन और विपक्ष की आलोचना करती रही हैं, जबकि विपक्षी दल उनके बयानों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
कंगना और सौरव दास के बीच यह बयानबाजी अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां दोनों पक्षों के समर्थक अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

