रायपुर:
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद नितिन नबीन 15 नवंबर को अपने पहले आधिकारिक प्रवास पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष आमंत्रण पर हो रहे इस दौरे के दौरान वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ पार्टी की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी इस भव्य आयोजन में मौजूद रहेंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की पुष्टि के बाद प्रदेश भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया था, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनके अप्रतिम योगदान को नमन करेगी। राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टिकोण से राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी का एक साथ धरमजयगढ़ पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता और जनसंपर्क को नई गति देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि देश में प्रतिवर्ष 15 नवंबर को महान स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में इस दिवस की औपचारिक घोषणा की थी। इसका मुख्य उद्देश्य स्वाधीनता आंदोलन में आदिवासी नायकों के शौर्य, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके द्वारा लड़े गए संघर्षों को स्मरण करना तथा जनजातीय विरासत को संरक्षित करना है।
भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और जुल्म के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ (महान आंदोलन) का नेतृत्व किया था। 15 नवंबर को पूरे देश सहित छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ में भी विविध सांस्कृतिक व जनजातीय कार्यक्रमों के जरिए भगवान बिरसा मुंडा और अन्य बलिदानी आदिवासी जननायकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।


