रायगढ़: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आज आयोजित राज्य स्तरीय ‘जनजातीय गौरव दिवस 2026’ समारोह से जुड़ा एक बड़ा और अहम अपडेट सामने आया है। इस भव्य कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने आ रहे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ दौरा अचानक निरस्त हो गया है। खराब मौसम के कारण उनके चार्टर प्लेन को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके चलते उन्हें अपना दौरा रद्द कर सीधे पटना के लिए रवाना होना पड़ा। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके दौरे के निरस्त होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
दशहरा मैदान में भव्य तैयारियां, सीएम साय सहित दिग्गज नेता पहुंचे रायगढ़
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा रद्द होने के बावजूद धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह की तैयारियों और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े रायगढ़ पहुंच चुके हैं।
स्मृति ईरानी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित इस प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव सम्मेलन को लेकर दशहरा मैदान में भव्य मंच सजाया गया है। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी समेत संगठन और सरकार के कई अन्य दिग्गज नेताओं के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी सहित मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेता इस विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।



