रायपुर/धरमजयगढ़: छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र धरमजयगढ़ में आज 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह के जरिए एक बड़ा सियासी और सामाजिक संदेश देने की तैयारी है। स्थानीय दशहरा मैदान में होने वाले इस आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और राज्य सरकार के शीर्ष चेहरों का एक साथ जुटना राजनीतिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे।
राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेतृत्व की एकजुट मौजूदगी जारी कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी सुबह 10 बजे धरमजयगढ़ पहुंचेंगे। आयोजन को लेकर भाजपा संगठन और राज्य प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। इस मंच पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे, जिसे आदिवासी समाज के बीच सरकार और संगठन के समन्वय को प्रदर्शित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
मंच पर दिखेगी सरकार और संगठन की ताकत
दशहरा मैदान में होने वाले इस राज्य स्तरीय समारोह में मंत्रिमंडल और केंद्रीय संगठन के कई प्रमुख चेहरे शामिल हो रहे हैं:भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस दौरान मंच साझा करेंगे। समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम तथा राज्य सरकार के अन्य कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन पर रहेंगी निगाहें
आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष उद्बोधन भी होगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के केंद्र में जनजातीय गौरव, आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और समाज के उत्थान से जुड़े विषय रखे गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरगुजा और रायगढ़ के आदिवासी अंचल के बीच स्थित धरमजयगढ़ में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेताओं की यह मौजूदगी आगामी राजनीतिक समीकरणों और आदिवासी वोट बैंक से जुड़े संवाद की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।



