नई दिल्ली/भुवनेश्वर: बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब और अधिक मजबूत होकर ‘वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया’ में तब्दील हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, यह सिस्टम अगले 24 घंटों में डिप्रेशन में बदल जाएगा और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण एवं उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इस संभावित चक्रवाती तूफान को ईरान द्वारा सुझाया गया नाम ‘अकवान’ (Akvan) दिया जाएगा।
85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट मौसम प्रणाली के लगातार मजबूत होने के कारण समुद्र में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है:17 नवंबर से मध्य बंगाल की खाड़ी में 65 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 85 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। वहीं, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 60-70 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 16 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद ओडिशा में 18 से 20 नवंबर तक और गंगीय पश्चिम बंगाल में 19-20 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। विशेष रूप से ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
ओडिशा सरकार अलर्ट मोड पर, 6 तटीय जिलों के कलेक्टरों को सख्त निर्देश IMD की चेतावनी के मद्देनजर ओडिशा सरकार के विशेष राहत आयुक्त (SRC) कार्यालय ने एहतियाती कदम उठाते हुए मछुआरों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। 17 और 18 नवंबर को दक्षिण ओडिशा के तटवर्ती इलाकों में 45 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और समुद्र की स्थिति ‘खराब से बहुत खराब’ रहने के कारण मछुआरों को गहरे समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है।
एसआरसी कार्यालय ने पुरी, गंजम, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, भद्रक और बालासोर जिलों के जिला कलेक्टरों तथा मत्स्य निदेशक को निर्देश दिया है कि वे इस चेतावनी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। प्रशासन को यह सुनिश्चित कर बाकायदा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया है कि समुद्र में गए सभी मछुआरे सुरक्षित तट पर वापस लौट आए हैं।
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर: दिल्ली में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी दूसरी ओर, उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज 15 नवंबर को दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया गया है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है।



