रायपुर/बलरामपुर: कृषि जैव विविधता और दुर्लभ पादप किस्मों के संरक्षण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर देशभर में अपना परचम लहराया है। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर निवासी किसान और एमएससी बायोटेक्नोलॉजी में गोल्ड मेडलिस्ट रामलाल लहरे को दुर्लभ प्रजाति की ‘जईया मिर्च’ के संरक्षण और संवर्धन के लिए भारत सरकार की ओर से प्रतिष्ठित ‘प्लांट जीनोम सेविअर फार्मर रिकग्निशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। इस राष्ट्रीय सम्मान के तहत उन्हें एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2020 में भी उनके उत्कृष्ट कृषि नवाचार के लिए उन्हें ‘नेशनल इनोवेटिव फार्मर अवार्ड’ से नवाजा जा चुका है।

एक पौधे से शुरू किया सफर, आज उगा रहे हजारों पौधे
रामलाल लहरे ने कुछ वर्ष पूर्व सरगुजा संभाग के वाड्रफनगर स्थित पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से उगने वाली बेहद तीखी जईया मिर्च के एक दुर्लभ पौधे की खोज की थी। सामान्य मिर्च के पौधों से बिल्कुल अलग इस पौधे की जड़ें काफी गहरी और लंबी होती हैं, जिससे इसे बार-बार सिंचाई की आवश्यकता नहीं पड़ती। ठंड और पहाड़ी जलवायु में पनपने वाले इस पौधे की ऊंचाई दो से तीन मीटर तक होती है और इसके फल नीचे झुकने के बजाय सीधे आसमान की ओर उगते हैं। रामलाल ने महज एक पौधे से बीज तैयार कर इसकी खेती शुरू की थी और आज वे हजारों पौधों का सफलतापूर्वक उत्पादन कर रहे हैं।
कैंसर और शुगर के मरीजों के लिए वरदान, तैयार किया ‘स्पेक्ट्रम अचार’ कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, जईया मिर्च सामान्य मिर्च और मणिपुर की प्रसिद्ध तीखी मिर्च से भी अधिक तीखी होती है। इसकी मुख्य विशेषताएं इसे औषधीय रूप से बेहद खास बनाती हैं:
औषधीय गुणों का खजाना:
इसमें ‘कैप्सेसीन’ (Capsaicin) नामक एल्कलाइड यौगिक प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर में ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने, कोलेस्ट्रॉल कम करने और कैंसर रोधी गुणों में सहायक माना जाता है। इसके अलावा इसमें विटामिन ए, बी और सी भी भरपूर मात्रा में मौजूद हैं।
एंटी-डायबिटिक अचार:
इस मिर्च की अनूठी गुणवत्ता को देखते हुए रामलाल ने इससे ‘स्पेक्ट्रम अचार’ तैयार किया है। यह एक विशेष एंटी-डायबिटिक अचार है, जिसे बिना किसी हानिकारक केमिकल के पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से तैयार कर इसके औषधीय गुणों को सुरक्षित रखा गया है।
भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर की जांच में खरी उतरी जईया मिर्च रामलाल लहरे के इस नवाचार को वैज्ञानिक आधार देने में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर के वैज्ञानिक डॉ. दीपक शर्मा का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। उनके निर्देशन में जईया मिर्च के नमूनों को गहन परीक्षण के लिए भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC) भेजा गया, जहां वैज्ञानिक जांच में यह प्रमाणित हुआ कि इस जंगली प्रजाति में किसी भी प्रकार के हानिकारक या जहरीले तत्व नहीं हैं। इसके साथ ही, इस दुर्लभ किस्म के विधिवत पंजीकरण के लिए इसे ‘प्रोटेक्शन ऑफ प्लांट वैराइटीज एंड फार्मर्स राइट्स अथॉरिटी’ (PPVFRA) को भी भेजा गया है। रामलाल की इस उपलब्धि ने न केवल बलरामपुर जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के किसानों को नई प्रेरणा दी है।



