कोरबा/कटघोरा: अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ, जिसके बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

लघुशंका के लिए रुकी थी बस, उतरने की तैयारी कर रहे थे यात्री
मिली जानकारी के अनुसार, रॉयल यात्री बस (क्रमांक सीजी-06-एचडी-2962) कुनकुरी से सवारियां लेकर रायपुर जा रही थी। रात करीब ढाई बजे जब बस कटघोरा से आगे ग्राम तानाखार के पास अनूप ढाबा के समीप पहुंची, तो कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए बस रोकने को कहा। इस पर चालक ने बस को मुख्य मार्ग के किनारे खड़ा किया ही था और यात्री नीचे उतरने की तैयारी कर रहे थे, तभी पीछे से अनियंत्रित गति में आ रहे ट्रेलर (क्रमांक सीजी-04-पीएक्स-7808) ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे से बस में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में कुनकुरी और गरियाबंद के दो यात्रियों की मौत इस दर्दनाक दुर्घटना में दो यात्रियों की जान चली गई, जिनकी पहचान निम्नलिखित रूप से हुई है:
-
संतोष लकड़ा (34 वर्ष): निवासी कुनकुरी (जिला जशपुर)
-
सिंधु प्रधान (40 वर्ष): निवासी अड़पालर, देवभोग (जिला गरियाबंद)
हादसे के बाद दोनों मृतकों के शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा की मर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए पांच यात्रियों— जगदीश, संता टोप्पो, सलना नूरी खान सहित अन्य घायलों को तत्काल उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
बस के हेल्पर अर्जुन राम ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर के कारण यात्री बस और ट्रेलर दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और चलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रेलर चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।




