जशपुर । भाजपा के ‘सेवा संकल्प’ अभियान को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जशपुर एवं पूर्व विधायक यू.डी. मिंज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जिस ‘सेवा संकल्प’ का प्रचार कर रही है, वह जमीनी स्तर पर ‘विश्वासघात संकल्प’ साबित हो चुका है। यह अभियान केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार की असफलताओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ती आर्थिक असमानता और जनता से किए गए वादों को छिपाने की कोशिश है।
यू.डी. मिंज ने कहा कि बिजली के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं और स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना को लेकर भी महिलाओं में अपेक्षाएं और सवाल दोनों हैं। ऐसे समय में भाजपा का ‘सेवा’ की बात करना जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को वर्ष 2014 में किए गए संकल्पों का भी हिसाब जनता को देना चाहिए। महंगाई कम करने, हर साल दो करोड़ रोजगार देने, हर घर तक नल और हर सिर पर छत पहुंचाने, किसानों की आय दोगुनी करने, काला धन वापस लाने और किसानों को स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार एमएसपी देने जैसे वादों का क्या हुआ, इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार न युवाओं को रोजगार दे रही है, ना ही उनके बेहतर भविष्य के लिए कोई रोड मैप बना रही है, कारपोरेट और निजी संस्थानों मे प्लेसमेंट को रोजगार देना बताना बेरोजगारों के साथ मजाक जैसा है,छत्तीसगढ़ में किसान खाद और बीज के लिए परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि आये दिन स्कूलों कि समस्याऐं सड़को पर छात्र छात्राएं निकल रहे है असुविधाओं का अम्बार लगा हुआ है लेकिन सरकार मस्त है और इवेंट प्लानिंग मे ज्यादा रुझान रख रही है
जलसनसाधन,शिक्षा स्वास्थ्य, ट्राइबल जैसे विभागों मे भ्रस्टाचार चरम पर है धान घोटाले मे अववल है लेकिन इसका अनदेखा सरकार कर रही है छोटे कर्मचारियों को सरकार तुरंत करवाई कर रही है बड़े अधिकारीयों को संरक्षण दे रही है
यू.डी. मिंज ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में नोटबंदी, जीएसटी, कृषि कानूनों और किसान आंदोलन जैसे मुद्दों ने देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों को प्रभावित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए प्रचार अभियानों का सहारा ले रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान ‘मोदी की गारंटी’ के नाम पर जनता से कई वादे किए थे। 500 रुपये में गैस सिलेंडर, अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण, एक लाख नई सरकारी नौकरियां, बेरोजगारी भत्ता, छात्रों के लिए मुफ्त परिवहन पास, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ, किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान और गांवों में नगद भुगतान केंद्र जैसे वादों को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
यू.डी. मिंज ने कहा कि सरकार अपने कार्यकाल का आधे से अधिक समय पूरा कर चुकी है, लेकिन कई वादों पर अब तक स्पष्ट जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को ‘सेवा संकल्प’ का प्रचार करने से पहले जनता के बीच जाकर अपने पुराने संकल्पों और वर्तमान सरकार के कामकाज का हिसाब देना चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता को प्रचार और नारों से नहीं, बल्कि वास्तविक काम और जवाबदेही से मतलब है। भाजपा का ‘सेवा संकल्प’ अभियान जनता को प्रभावित करने की कोशिश मात्र है, जबकि जमीनी हकीकत में सरकार के प्रति लोगों का विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है।























