छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश के कारण धान नहीं ला पाए किसानों (CG Dhan Kharidi Token) को दोबारा टोकन जारी किया जाएगा। जानें तुहर टोकन ऐप और टोकन निरस्त होने के नियमों की पूरी जानकारी।
मार्कफेड एमडी जितेंद्र शुक्ला ने दी जानकारी, ‘तुहर टोकन’ ऐप या सहकारी समिति के जरिए दोबारा ले सकेंगे टोकन। हालांकि, दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर कम हो जाएगा बेचने का एक मौका।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश की वजह से अपनी उपज उपार्जन केंद्रों तक नहीं पहुंचा पाने वाले किसानों के लिए राज्य सरकार और मार्कफेड ने बड़ी राहत की घोषणा की है। ऐसे किसान जिनका निर्धारित तारीख पर धान नहीं बिक पाया और बारिश के कारण टोकन निरस्त हो गया, उन्हें धान बेचने के लिए दोबारा मौका दिया जाएगा। CG Dhan Kharidi Token के तहत इन किसानों को फिर से टोकन जारी करने का अवसर मिलेगा।
‘तुहर टोकन’ ऐप या समिति से मिलेगा दोबारा टोकन
मार्कफेड के प्रबंध संचालक (MD) जितेंद्र शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जो किसान निर्धारित तिथि पर किसी कारणवश धान नहीं ला पाए हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। टोकन निरस्त होने, फसल कटाई में देरी होने या किसी तकनीकी समस्या के आने पर किसान संबंधित धान उपार्जन केंद्र, सहकारी समिति या जिला खाद्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसान घर बैठे Tuhar Token App या संबंधित सहकारी समिति के माध्यम से आसानी से दोबारा टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
दो बार टोकन निरस्त हुआ तो कम हो जाएगा एक मौका
किसानों को राहत देने के साथ-साथ व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कुछ सख्त नियम भी तय किए गए हैं। पहली बार टोकन निरस्त होने पर किसान को दोबारा टोकन लेकर धान बेचने का पूरा अवसर मिलेगा, लेकिन यदि दूसरी बार भी टोकन निरस्त होता है, तो निर्धारित अधिकतम टोकन सीमा में से एक मौका कम कर दिया जाएगा। नियमों के मुताबिक, Chhattisgarh Paddy Procurement में लघु एवं सीमांत किसानों को अधिकतम दो और बड़े किसानों को तीन टोकन लेने की सीमा तय है। ऐसे में बार-बार टोकन निरस्त होने पर किसानों के सामने धान बेचने का संकट खड़ा हो सकता है।
तय तारीख और निर्धारित मात्रा का ध्यान रखना जरूरी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे टोकन में दर्ज निर्धारित तारीख पर ही उपार्जन केंद्र पर अपना धान लेकर पहुंचें। यदि कोई किसान तय समय पर धान नहीं लाता है या टोकन में दर्ज मात्रा से कम धान लेकर केंद्र पहुंचता है, तो शेष धान की खरीदी और दोबारा टोकन जारी करने को लेकर शासन के निर्धारित नियमों के तहत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



