उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने 91 साल की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में अंतिम सांस ली। उम्र संबंधी बीमारियों से परेशान सावित्री देवी का निधन उनके पैतृक गांव में हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां के अंतिम दर्शन करने उत्तराखंड रवाना होंगे। वह गोरखपुर से लखनऊ पहुंचेंगे और यहां से विमान के जरिए देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट जाएंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से यमकेश्वर पहुंचकर अपने पैतृक गांव पंचूर जाएंगे।

पंचूर गांव में रहता था परिवार
सावित्री देवी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में रहती थीं। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव भी है। योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड में हुआ था और उनका बचपन पंचूर गांव में बीता था।
मई 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लंबे समय बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था।
जून 2024 में एम्स में मां से मिलने पहुंचे थे योगी
जून 2024 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल पहुंचे थे। उस समय सावित्री देवी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थीं। मुख्यमंत्री ने मां का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।

मायावती और पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने दुख जताया है। दोनों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
अप्रैल 2020 में हुआ था पिता का निधन
योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे। दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली थी। आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे और 1991 में सेवानिवृत्त हुए थे।



