रायपुर। छत्तीसगढ़ में हाल ही में आए चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने किसानों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिलों के कलेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के आदेशानुसार, सभी जिला कलेक्टर प्रभावित क्षेत्रों में जाकर फसल नुकसान का तत्काल और सटीक आकलन करेंगे। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद, निर्धारित नियमों और RBC 6-4 (राजस्व पुस्तक परिपत्र) के प्रावधानों के तहत पात्र किसानों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सर्वेक्षण और राहत राशि वितरण की प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है और अन्नदाताओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का मुख्य फोकस प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत प्रदान करना है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसान अपने-अपने क्षेत्र के पटवारी, कृषि विभाग के अधिकारियों या जिला प्रशासन के संपर्क में रहें ताकि समय पर नुकसान का सर्वे कराया जा सके और उचित मुआवजा मिल सके।


