लखनऊ। सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के प्रमोटर्स के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ग्रुप के निदेशक डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ.सुनील कुमार मिश्रा ने मुख्यमंत्री जी के समक्ष बरेली स्थित प्रस्तावित औद्योगिक भूमि के आवंटन का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अवगत कराया कि भूमि उपलब्ध होने में हो रही देरी के कारण प्रस्तावित निवेश एवं औद्योगिक परियोजना के क्रियान्वयन में विलंब हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भूमि शीघ्र उपलब्ध करा दी जाती है, तो सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज जल्द से जल्द परियोजना का कार्य प्रारंभ कर सकेगा, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने इस विषय को गंभीरता से सुना और संबंधित प्रकरण में आवश्यक पत्र एवं दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा।
बैठक के दौरान सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के विस्तार, निवेश एवं अन्य महत्वपूर्ण औद्योगिक विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री जी ने डॉ. सुनील कुमार मिश्रा को अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।
डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने मुख्यमंत्री जी का समय देने, विषयों को गंभीरता से सुनने तथा सकारात्मक आश्वासन प्रदान करने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज अपने प्रमोटर्स के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन के लिए निरंतर प्रयासरत है।



