जशपुर: जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ाटोली में मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत 22 वर्षीय कलयुगी बेटे ने महज खाना मांगने को लेकर हुए विवाद में अपनी मां पर अधजले लकड़ी के डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 7 नवंबर की रात की है। आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शराब पीकर घर पहुंचा था। घर में खाना निकालने की बात को लेकर उसकी मां के साथ कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर आरोपी ने चूल्हे के पास पड़े अधजले लकड़ी के डंडे से मां के हाथ, पैर और पीठ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी।
मां को पिटता देख आरोपी की बहन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दरिंदे भाई ने उसके साथ भी मारपीट की और छोटे भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर घेराबंदी की और आरोपी रोशन मिंज को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अधजला डंडा भी बरामद कर लिया गया है।



