रायपुर: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 11 नवंबर को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रही हैं। वे सुबह 9 बजे दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगी और एयरपोर्ट से सीधे रायगढ़ के लिए रवाना होंगी।
अपने इस दौरे के दौरान वे आगामी 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा करेंगी। साथ ही, वे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी और प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों व स्थानीय नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगी। बैठक संपन्न होने के बाद वे रायपुर होते हुए वापस दिल्ली लौट जाएंगी।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का पहला छत्तीसगढ़ दौरा आपको बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष आमंत्रण पर वे रायगढ़ के धरमजयगढ़ पहुंचेंगे और जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस संभावित और महत्वपूर्ण दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन ने तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी हैं। राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टिकोण से इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है, जिसके मद्देनजर प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी खुद ज़मीन पर उतरकर तैयारियों की कमान संभाल रही हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद स्मृति ईरानी ने गत 25 और 26 अक्टूबर को अपना पहला दो दिवसीय दौरा किया था, जिसमें उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में शिरकत की थी।



