जशपुर:
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र के लोढ़ेनापाठ गांव में रातों-रात अमीर बनने और महंगी बाइक खरीदने के लालच में एक कलयुगी मामा ने अपने ही 4 साल के मासूम भानजे की गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शव से दोनों आंखें, फेफड़े और दोनों किडनियां निकाल लीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बासुदेव उर्फ टेंगनू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के अनुसार, लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर को अपने 4 साल के बेटे जितेंद्र के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। रामजीत ने बताया कि 5 नवंबर की सुबह उसका ममेरा भाई बासुदेव घर आया और उसे शराब पिलाने बस स्टैंड ले गया। वहां से लौटने के बाद से मासूम जितेंद्र घर से गायब था। काफी खोजबीन के बाद अगली सुबह गांव के ही एक खेत के गड्ढे में कंबल और गोदरी में लिपटा जितेंद्र का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव से दोनों आंखें और अंदरूनी अंग गायब देख पुलिस के भी होश उड़ गए। मामले में बीएनएस की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस तफ्तीश के दौरान एक ग्रामीण ने बताया कि उसने घटना के दिन बच्चे को बासुदेव के साथ जंगल की ओर जाते देखा था। संदेह के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को जंगल के पास खेत की झोपड़ी में सोते हुए धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने रोंगटे खड़े कर देने वाला सच उगल दिया।
पांचवीं पास आरोपी बासुदेव चलनी गांव में मजदूरी करता था, लेकिन वह कम समय में अमीर बनकर ऐशो-आराम की जिंदगी जीना चाहता था। पिछले दो सालों से वह मोबाइल पर एआई (AI) और इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘जल्दी अमीर बनने के तरीके’ सर्च कर रहा था। इसी दौरान उसने अवैध मानव अंग तस्करी के जरिए मोटी रकम कमाने की साजिश रची और इंटरनेट से ही शरीर से अंग निकालने के तरीके सीखे।
योजना के तहत उसने पहले रामजीत को शराब पिलाई और फिर उसके मासूम बेटे जितेंद्र को बहला-फुसलाकर खुंटाटांगर ले गया। वहां बच्चे को मुर्गा खिलाया और शराब पिलाई। जब बच्चा अचेत होकर सो गया, तो उसने धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने बेरहमी से मासूम की दोनों आंखें निकाल लीं और सीना व पेट चीरकर दोनों किडनियां और फेफड़े निकालकर बाल्टी में रख लिए।
आरोपी को भ्रम था कि सोशल मीडिया पर हुई कथित चैटिंग के आधार पर दिल्ली से कोई खरीदार आकर ये अंग लाखों रुपये में ले जाएगा। दो दिन तक जब कोई नहीं आया, तो उसने अंगों को बांस की झाड़ियों के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, बच्चे के सुरक्षित बरामद अंग और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
“मासूम बच्चे की नृशंस हत्या और शव से अंग निकालने का यह कृत्य अत्यंत वीभत्स और निंदनीय है। डीएनए सैंपलिंग और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच सहित सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस जल्द से जल्द कोर्ट में चालान पेश कर दरिंदे को कठोरतम सजा दिलाना सुनिश्चित करेगी।”
— डॉ. लाल उमेद सिंह, एसएसपी, जशपुर



