जशपुर में घर से दूर रह रहे नौकरीपेशा लोगों के लिए शुरू हुई टिफिन सेवा, अब मिलेगा घर जैसा भोजन आज ही बुक कीजिये
रायपुर:
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन में ड्यूटी देने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए मानदेय की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होने वाली इस व्यवस्था के तहत केंद्राध्यक्ष से लेकर चपरासी और सुरक्षा प्रहरियों तक के दैनिक भुगतान की नई दरें तय कर दी गई हैं। मंडल की वित्त समिति और कार्यकारिणी समिति की बैठकों में लिए गए फैसले के बाद अब परीक्षा ड्यूटी पर तैनात अमले को पहले से अधिक राशि मिलेगी।
यह नई दरें हाईस्कूल (10वीं), हायर सेकंडरी (12वीं), शारीरिक शिक्षा पत्रोपाधि और डीएलएड की मुख्य व द्वितीय मुख्य परीक्षाओं पर प्रभावी होंगी। मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, केंद्रों पर कर्मचारियों की नियुक्ति और तैनाती भी अब पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर तय की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों को आकस्मिक दैनिक खर्च के लिए भी प्रति परीक्षार्थी के हिसाब से अलग से फंड जारी किया जाएगा।
दैनिक भुगतान की बात करें तो 500 से अधिक परीक्षार्थियों वाले केंद्र के केंद्राध्यक्ष को सर्वाधिक 200 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे, जबकि 500 तक परीक्षार्थी होने पर यह दर 180 रुपये प्रतिदिन होगी। सहायक केंद्राध्यक्ष को 150 रुपये, परीक्षा कक्ष में ड्यूटी करने वाले पर्यवेक्षकों को 75 रुपये, लिपिक (क्लर्क) को 60 रुपये और चपरासी व सुरक्षा प्रहरी को 40 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।
केंद्रों में कर्मचारियों की तैनाती के लिए तय मानकों के अनुसार, 500 तक परीक्षार्थियों पर एक और उससे अधिक होने पर दो सहायक केंद्राध्यक्ष रहेंगे। परीक्षा कक्ष में 30 परीक्षार्थियों तक दो पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे और इसके बाद प्रत्येक 15 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर एक-एक पर्यवेक्षक बढ़ाया जाएगा। वहीं 400 तक छात्रों पर एक लिपिक और 500 तक छात्रों पर चार चपरासी नियुक्त होंगे। केंद्रों के आकस्मिक खर्च के लिए 200 तक परीक्षार्थियों पर 4 रुपये प्रति छात्र और 200 से अधिक संख्या होने पर 3 रुपये प्रति छात्र की दर से राशि उपलब्ध कराई जाएगी।



