छत्तीसगढ़ सरकार ने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षित रिक्त पदों (बैकलॉग) को भरने के लिए सभी विभागों को एक बड़ा और कड़ा निर्देश जारी किया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में बैकलॉग पदों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र भरने के लिए एक बार फिर विशेष भर्ती अभियान को तेज किया जाए। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में सभी प्रशासनिक विभागों, राजस्व मंडल, संभागायुक्तों, विभागाध्यक्षों, कलेक्टरों और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इस बार के अभियान की सबसे खास बात यह है कि यह किसी निश्चित समय-सीमा के लिए नहीं है, बल्कि यह विशेष अभियान उस समय तक लगातार जारी रखा जाएगा जब तक कि बैकलॉग के सभी खाली पद पूरी तरह से भर नहीं लिए जाते। सामान्य प्रशासन विभाग ने याद दिलाया है कि इससे पहले भी वर्ष २००६, २००७, २००८ और २०१६ में इस तरह के विस्तृत निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन वे सभी अभियान एक सीमित समय तक के लिए ही थे। इस बार के नए निर्देशों के अनुसार, सीधी भर्ती वाले पदों पर एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के आरक्षित रिक्त पदों की पूर्ति के लिए यह विशेष भर्ती अभियान लगातार चलता रहेगा।
सरकार ने इस अभियान को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही भी बेहद सख्त कर दी है। आदेश में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि यदि बैकलॉग पदों की भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही बरती जाती है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी संबंधित विभाग प्रमुख (विभागाध्यक्ष) की होगी। इतना ही नहीं, लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारी की गोपनीय चरित्रावली (एसीआर) में भी इस ढिलाई का बाकायदा उल्लेख किया जाएगा। इसके साथ ही नियुक्ति देने वाले सक्षम अधिकारियों की जवाबदेही भी इसी कड़ी तर्ज पर तय की जाएगी।
एक महत्वपूर्ण तकनीकी पहलू को स्पष्ट करते हुए आदेश में कहा गया है कि विशेष भर्ती अभियान के माध्यम से इन बैकलॉग पदों को भरने से राज्य सरकार की तिजोरी पर कोई भी अतिरिक्त वित्तीय व्यय भार नहीं आएगा। इसी आधार पर वित्त विभाग ने पहले ही इस पूरी व्यवस्था के लिए अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासनों को पूर्व में जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए विशेष भर्ती अभियान के तहत तत्काल आगे की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

