UPI Scam Alert: आज के समय में Google Pay, PhonePe, Paytm और BHIM जैसे UPI ऐप्स के जरिए करोड़ों लोग रोजाना ऑनलाइन पेमेंट करते हैं। हालांकि, डिजिटल पेमेंट जितना आसान हुआ है, साइबर ठगी के मामले भी उतनी ही तेजी से बढ़े हैं। थोड़ी सी लापरवाही आपके बैंक खाते को खाली कर सकती है। ऐसे में UPI इस्तेमाल करते समय इन 5 जरूरी बातों का ध्यान रखें।
1. कभी भी UPI PIN शेयर न करें
UPI PIN आपके बैंक खाते की सुरक्षा की सबसे अहम चाबी है। बैंक, Google Pay, PhonePe, Paytm या कोई सरकारी एजेंसी कभी भी फोन या मैसेज पर आपका UPI PIN नहीं मांगती। किसी के साथ भी अपना PIN साझा न करें।
2. पैसे पाने के लिए कभी PIN न डालें
अगर कोई कहता है कि पैसे रिसीव (Receive) करने के लिए UPI PIN डालना होगा, तो यह धोखाधड़ी है। UPI PIN केवल पैसे भेजने (Send) या कुछ बैंकिंग कार्यों के लिए इस्तेमाल होता है, पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं।
3. अनजान Payment Request स्वीकार न करें
किसी अनजान व्यक्ति की Collect Request या Payment Request को बिना जांचे स्वीकार न करें। यदि आप रिक्वेस्ट अप्रूव कर PIN डालते हैं, तो आपके खाते से पैसे कट सकते हैं।
4. QR Code स्कैन करने से पहले नाम जरूर जांचें
दुकान या किसी व्यक्ति को पेमेंट करते समय QR Code स्कैन करने के बाद स्क्रीन पर दिख रहे रिसीवर का नाम जरूर देखें। कई ठग असली QR Code के ऊपर नकली QR Code चिपका देते हैं।
5. संदिग्ध लिंक पर क्लिक या स्क्रीन शेयर न करें
बिजली बिल, पार्सल, KYC अपडेट या लॉटरी के नाम पर आने वाले फर्जी लिंक से सावधान रहें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड न करें और न ही अपने फोन की स्क्रीन शेयर करें।

