रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को गति देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के चार अलग-अलग जिलों में नए मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर यानी औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
इन 4 जिलों में बनेंगे औद्योगिक पार्क
- राजनांदगांव (पटेवा): स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
- धमतरी (धूम्रपाली): मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
- जांजगीर-चांपा (सलखान): मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
- बस्तर (नियानार): मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
केंद्र और राज्य की साझा पहल
यह पूरी कवायद भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना और छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास नीति का हिस्सा है। राज्य सरकार का जोर इस बात पर है कि इन पार्कों के जरिए बस्तर से लेकर मैदानी इलाकों तक संतुलित विकास पहुंचे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के ढेरों मौके पैदा हों।
बैठक में वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद, वाणिज्य एवं उद्योग सचिव रजत कुमार, ऊर्जा सचिव डॉ. सारांश मित्तर और राजस्व विशेष सचिव इफ्फत आरा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

