कटिहार/मनिहारी: मनिहारी-नारायणपुर-पूर्णिया फोरलेन सड़क पर शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक दंपती और उनकी पड़ोसी महिला सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सभी मृतक कटिहार शहर के बैगना इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैगना निवासी 68 वर्षीय शंभु सिंह अपनी पत्नी 64 वर्षीय उषा देवी, पड़ोसी 64 वर्षीय मंजु रानी और अन्य परिजनों के साथ कार में सवार होकर गंगा स्नान के लिए मनिहारी जा रहे थे। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे जब उनकी कार नारायणपुर पागलबाड़ी के पास फोरलेन सड़क से गुजर रही थी, तभी वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर दौड़े और कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक शंभु सिंह, उनकी पत्नी उषा देवी और पड़ोसी मंजु रानी की मौत हो चुकी थी। वहीं, कार चालक समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ विनोद कुमार और थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य संभाला। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल चारों लोगों को तत्काल इलाज के लिए कटिहार अस्पताल भिजवाया। साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर बाधित हुए यातायात को सामान्य कराया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



