धरमजयगढ़ (रायगढ़): छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले अंतर्गत धरमजयगढ़ क्षेत्र के कोयलर में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। सुबह करीब 9:00 बजे यात्रियों से खचाखच भरी एक निजी बस और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में बस में सवार 20 से 30 यात्री घायल हो गए हैं, जबकि बस चालक की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
धरमजयगढ़ से खरसिया जा रही थी बस
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार:बस धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर रवाना हुई थी। हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे।कोयलर क्षेत्र के पास सामने से धरमजयगढ़ की ओर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बस की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी प्रचंड थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और अंदर की सीटें तक उखड़ गईं। दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत राहत व बचाव के लिए दौड़े और क्षतिग्रस्त बस के भीतर फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला।
बस चालक गंभीर, घायलों को भेजा गया अस्पताल
हादसे में बस चालक के केबिन में बुरी तरह फंस जाने से उसे गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सिविल अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उपचार में जुटी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
मार्ग पर कुछ देर बाधित रहा आवागमन
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर आड़े-तिरछे फंस जाने के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाकर यातायात सुचारू कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।























