नई दिल्ली/रायपुर: भारतीय जनता पार्टी ने देशभर के राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के तहत नए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं, जिसके तहत छत्तीसगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को प्रदेश प्रभारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सिद्धार्थ शंभु को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इससे पहले यह जिम्मेदारी नितिन नबीन के पास थी। गत 20 जनवरी 2026 को नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से छत्तीसगढ़ में प्रदेश प्रभारी का यह पद खाली चल रहा था, जिस पर अब पार्टी ने स्मृति ईरानी की नियुक्ति कर मुहर लगा दी है। गौर करने वाली बात यह है कि इसी वर्ष अगस्त में घोषित भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी को उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था, जबकि सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
छत्तीसगढ़ में चूंकि भाजपा की सरकार है, ऐसे में प्रदेश प्रभारी की यह भूमिका संगठनात्मक स्तर पर बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। नई जिम्मेदारी के तहत स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू पर प्रदेश संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के बीच बेहतर तालमेल बिठाने, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने तथा पार्टी के कार्यक्रमों और नीतियों को आगे बढ़ाने का जिम्मा रहेगा। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा की गई इन नियुक्तियों के बाद राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के अन्य नेताओं को भी अहम स्थान मिला है, जिसमें रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया जाना शामिल है।
इन नियुक्तियों के बाद अब छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक कामकाज में नए सिरे से समन्वय का दौर शुरू होगा। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के दिल्ली से रायपुर लौटने के साथ ही, अब आगामी समय में होने वाली संगठनात्मक बैठकों और राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा में इन दोनों नए प्रभारियों की सक्रिय और मुख्य भूमिका देखने को मिलेगी।























