रायपुर:
छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों ने गति पकड़ ली है। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन आज राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में बैठकों का सघन दौर जारी रहेगा। सुबह से शाम तक चलने वाली इन मैराथन बैठकों में पार्टी के विधायकों, सांसदों, राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों, निगम-मंडलों के प्रमुखों और विचार परिवार के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग संवाद तय किया गया है।
सुबह 10 बजे विधायकों से शुरुआत, सांसदों के बाद कैबिनेट मंत्रियों से सीधा संवाद
तय कार्यक्रम के अनुसार, बैठकों की शुरुआत सुबह 10:00 बजे से होगी:
-
सुबह 10:00 से 11:30 बजे (विधायकों के साथ मंथन): पहले सत्र में प्रदेश के सभी भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी, जिसमें जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता और जनहित से जुड़े मुद्दों पर फीडबैक लिया जाएगा।
-
सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे (सांसदों के साथ बैठक): दूसरे चरण में प्रदेश के भाजपा सांसदों के साथ बैठक रखी गई है, जिसमें केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन और संगठनात्मक रणनीति पर विमर्श होगा।
-
दोपहर 12:30 से 2:00 बजे (मंत्रिमंडल से संवाद): राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ विशेष बैठक होगी। इसमें सरकार के कामकाज, विभिन्न विभागों की योजनाओं और संगठन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
दोपहर बाद निगम-मंडल और विचार परिवार से मुलाकात
-
दोपहर 3:00 से शाम 4:30 बजे: विभिन्न निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संबंधित संस्थाओं की गतिविधियों और कार्ययोजना की समीक्षा होगी।
-
शाम 4:30 से 5:30 बजे: बैठकों के अंतिम चरण में विचार परिवार (आरएसएस व अनुषांगिक संगठनों) के प्रमुख पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा।
सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर फोकस
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू का यह दौरा केवल औपचारिक भेंट तक सीमित नहीं है। प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच सटीक समन्वय बैठाने, जनप्रतिनिधियों के प्रदर्शन की समीक्षा करने और आगामी राजनीतिक लक्ष्यों के लिए कार्यकर्ताओं में अनुशासन व ऊर्जा भरने के उद्देश्य से यह दिनभर का संवाद बेहद अहम माना जा रहा है।


