रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं और विभागीय प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने बड़ा कदम उठाया है। डीपीआई आयुक्त के निर्देश पर शिक्षकों और कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु रविवार को विशेष समाधान शिविर का आयोजन किया गया है। विभाग ने पारदर्शिता और तेज कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी पीड़ित कर्मियों से गूगल फॉर्म (Google Form) के जरिए उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी सीधे ऑनलाइन अपलोड करने को कहा है।
वेतन, पेंशन और क्रमोन्नति से जुड़े प्रकरणों का होगा निराकरण
डीपीआई द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक, स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षक व कर्मचारी वेतन विसंगति, समय पर भुगतान न होना, क्रमोन्नति-पदोन्नति, पेंशन प्रकरण, विभिन्न प्रकार के अवकाश की स्वीकृति तथा अन्य सेवा संबंधी लंबित मामलों की जानकारी सीधे लिंक के माध्यम से भेज सकते हैं। डिजिटल माध्यम से डेटा जुटाए जाने से न केवल कागजी लेटलतीफी खत्म होगी, बल्कि प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति भी मुख्यालय के संज्ञान में रहेगी।
आयुक्त स्तर पर होगी सीधी समीक्षा, डीईओ को देनी होगी रिपोर्ट
गूगल फॉर्म के माध्यम से प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों और शिकायतों की उच्च स्तर पर खुद डीपीआई आयुक्त समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को अपने-अपने जिलों में समस्या समाधान शिविर आयोजित करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। जिला स्तर पर इन मामलों के निराकरण के बाद जिला शिक्षा अधिकारियों को सीधे आयुक्त कार्यालय में समाधान रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
शिविर के दौरान जिला कार्यालयों में उपस्थिति अनिवार्य
डीपीआई ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि समाधान शिविर के दौरान संबंधित कर्मचारियों और शिक्षकों को अपने जिला कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन और प्रकरणों की सुनवाई आमने-सामने की जा सके। विभाग की इस त्वरित पहल से उन हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके प्रकरण लंबे समय से जिला या ब्लॉक स्तर पर लंबित पड़े थे।























