छत्तीसगढ़ में ‘असर सर्वेक्षण 2026’ के क्रियान्वयन की तैयारियाँ तेज, एससीईआरटी ने जारी की विस्तृत समय-सारणी
विशेष संवाददाता / रायपुर
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), छत्तीसगढ़ ने प्रदेश में ‘असर सर्वेक्षण 2026’ (Annual Status of Education Report) के सफल संचालन के लिए आधिकारिक आदेश और कार्यक्रम की रूपरेखा जारी कर दी है। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से होने वाले इस बहुप्रतीक्षित सर्वेक्षण को लेकर शिक्षा विभाग ने अपनी कमर कस ली है।
जारी समय-सारणी के अनुसार, यह पूरा अभियान चरणबद्ध तरीके से संपन्न होगा, जिसकी शुरुआत अक्टूबर महीने के दूसरे पखवाड़े से होगी।
मास्टर ट्रेनर्स का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण:
सर्वेक्षण को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक प्रातः 10:00 से सायं 05:30 बजे तक प्रथम अरोरा सेंटर फॉर एजुकेशन, राखी मोड़, चंगुड़िया (एन.एच.-30, कुरुद, छत्तीसगढ़) में पांच दिवसीय राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रत्येक डाइट से दो छात्राध्यापक मास्टर ट्रेनर के रूप में भाग लेंगे। इस प्रशिक्षण का समस्त व्यय प्रथम संस्था द्वारा वहन किया जाएगा।
जिला स्तरीय (सर्वेयर/एफआई) प्रशिक्षण:
इसके पश्चात, 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय सर्वेयर/एफआई प्रशिक्षण संबंधित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अल्पाहार एवं पाइलटिंग हेतु डाइट बीडीआई को प्रथम संस्था द्वारा राशि देय होगी।
दो चरणों में होगा गाँवों का सर्वेक्षण:
प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमीनी सर्वे का काम शुरू होगा।
- प्रथम चरण का सर्वेक्षण: 31 अक्टूबर एवं 01 नवंबर 2026 को संबंधित जिलों के चयनित गाँवों में किया जाएगा।
- द्वितीय चरण का सर्वेक्षण: 14 एवं 15 नवंबर 2026 को पुनः चयनित गाँवों में संपन्न होगा। सर्वेक्षण के दौरान प्रति गाँव 1800 रुपये की राशि प्रथम संस्था द्वारा देय होगी।
एससीईआरटी ने प्रदेश के सभी संबंधित डाइट प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे समयानुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा इसकी सूचना अनिवार्य रूप से परिषद को दें। सर्वेक्षण से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए प्रथम संस्था के प्रतिनिधि श्री तेजेश्वर मेश्राम से उनके मोबाइल नंबर 9770664902 पर संपर्क किया जा सकता है।
























