B.Ed. और D.El.Ed. पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, छत्तीसगढ़ की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है। छात्रहित और वर्तमान प्राकृतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, सत्र 2026-27 के द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि में दो दिनों की वृद्धि कर दी गई है। अब इच्छुक विद्यार्थी 27 सितंबर यानी रविवार तक ऑनलाइन पंजीयन के साथ-साथ अपने विकल्प फॉर्म भी आसानी से जमा कर सकेंगे।
इस संबंध में परिषद द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्य के सभी शासकीय एवं निजी शिक्षा महाविद्यालयों और संस्थाओं में संचालित B.Ed. और D.El.Ed. पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर यह आंशिक संशोधन किया गया है।

संशोधित काउंसलिंग कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
- पंजीयन एवं ऑनलाइन विकल्प फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि: 22 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक
- प्रथम सूची दावा-आपत्ति के लिए जारी होने की तिथि: 30 सितंबर 2026
- प्रवेश के लिए प्रथम सूची जारी होने की तिथि: 1 अक्टूबर 2026
- प्रथम सूची के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया की अवधि: 1 अक्टूबर से 6 अक्टूबर 2026 तक























