छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दिवाली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। परिवार रायपुर से अपने गांव लौट रहा था, तभी गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के राजिम स्थित टीला एनीकट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर महानदी में जा गिरी। हादसे में पति-पत्नी और उनके बेटे-बेटी की जान चली गई।
घर से महज 3 किलोमीटर पहले हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 11 बजे से 2 बजे के बीच हुआ। परिवार फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के पसौद गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उनका गांव घटनास्थल से महज 3 किलोमीटर दूर था। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया।
मृतकों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे विकास साहू (19) और बेटी पूर्वा साहू (21) के रूप में हुई है।
डिवाइडर तोड़कर महानदी में गिरी कार
परिवार रायपुर से दीपावली मनाने अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान राजिम के टीला एनीकट के पास कार डिवाइडर तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
कई घंटे तक घर नहीं पहुंचा परिवार
शीतल साहू के भाई नीलकमल साहू ने बताया कि रायपुर से निकलने के बाद उनके भाई ने फोन कर घर आने की जानकारी दी थी। आमतौर पर रायपुर से गांव पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगता है, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी परिवार घर नहीं पहुंचा।
इसके बाद परिजन उनकी तलाश में निकले। जब वे एनीकट के पास पहुंचे तो वहां डिवाइडर टूटा हुआ दिखाई दिया। नदी की तरफ देखने पर कार पानी में गिरी हुई मिली।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। दीपावली की खुशियां एक ही पल में मातम में बदल गईं।



