रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आगामी 18 नवंबर को राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) में सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी। इस बैठक में प्रदेश के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था और जनहित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाने की संभावना है।
कैबिनेट की इस बैठक में मुख्य रूप से आगामी 14 दिसंबर से शुरू होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। गौरतलब है कि विधानसभा के इस शीतकालीन सत्र के दौरान कुल चार बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिसमें वित्तीय कार्यों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य संपादित किए जाएंगे। इसे देखते हुए मंत्रिपरिषद की बैठक में सत्र की तैयारियों, अनुपूरक बजट या अन्य वित्तीय प्रस्तावों और सदन में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमुख विधेयकों के प्रारूप पर चर्चा होने की पूरी संभावना है।
इसके अतिरिक्त, बैठक में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों, प्रशासनिक मामलों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा। माना जा रहा है कि शीतकालीन सत्र से पहले होने जा रही इस कैबिनेट बैठक में सरकार कई बड़े नीतिगत फैसलों को मंजूरी दे सकती है।



