बलौदाबाजार:
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के निवासियों को अब रसोई गैस सिलेंडरों के झंझट और रिफिलिंग के इंतजार से जल्द ही राहत मिलने वाली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन ने ‘सिटी गैस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट’ के तहत जिले में प्राकृतिक गैस (PNG) की पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से शुरू कर दिया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने एचसीजी (HCG) रायपुर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की अहम बैठक ली।
रायपुर से केसदा तक पहुंची पाइपलाइन
समीक्षा बैठक में एचसीजी के प्रतिनिधियों ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का काम रायपुर से शुरू होकर जिले के सिमगा विकासखंड तक पहुंच चुका है। वर्तमान में ग्राम केसदा में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। मुख्य पाइपलाइन घरों, स्कूलों, अस्पतालों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के सामने से गुजरेगी। रास्ते में कनेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे, जहाँ से सीधे घर की रसोई तक गैस लाइन जोड़ी जाएगी। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, अन्य संबंधित विभागों और पंचायतों को निर्देशित किया है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए गड्ढों की खुदाई से जुड़ी एनओसी (NOC) बिना किसी विलंब के शीघ्र जारी की जाए।
सुरक्षित, किफायती और ब्लास्ट-फ्री होगी पीएनजी सप्लाई
परियोजना अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी (पाइपलाइन नेचुरल गैस) पारंपरिक एलपीजी सिलेंडरों की तुलना में बेहद सुरक्षित है, क्योंकि इसमें ब्लास्ट (विस्फोट) होने का कोई खतरा नहीं रहता। उपभोक्ता अपनी खपत के अनुसार मीटर रीडिंग के आधार पर ही बिल का भुगतान करेंगे। यह सुविधा आर्थिक रूप से किफायती होने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल और 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने वाली साबित होगी। एचसीजी कंपनी ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर घरेलू कनेक्शन और मुख्य नेटवर्क का काम पूरा करने का आश्वासन दिया है।

