रायगढ़: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि प्रदेशभर के विभिन्न जनजाति समाजों से 50 हजार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने शुक्रवार को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात व पार्किंग तथा सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि समारोह में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और दूर-दराज से पहुंचने वाले आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। साथ ही आयोजन स्थल पर स्वच्छता, पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जा रहे प्रदर्शनी स्टॉलों की रूपरेखा की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रदर्शनी को इस प्रकार तैयार किया जाए, जिससे आम जनता और युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सार्थक जानकारी मिल सके।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय इतिहास, संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के उन स्वर्णिम अध्यायों को स्मरण करने का अवसर है, जिनमें भगवान बिरसा मुंडा, छत्तीसगढ़ के महान सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे महानायकों के त्याग और बलिदान की अमर गाथाएं दर्ज हैं।
समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में जनजातीय अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही बस्तर से लेकर सरगुजा तक फैली छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, लोकनृत्य, हस्तशिल्प और प्रकृति संरक्षण से जुड़ी जीवनशैली की झलक भी देखने को मिलेगी। गौरतलब है कि 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू में जन्मे ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए महाविद्रोह का नेतृत्व किया था। उनके इसी अतुलनीय योगदान और समाज सुधार के कार्यों को सम्मान देते हुए केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।



