नई दिल्ली: भारतीय रेलवे में सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है। रेलवे जल्द ही रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन यानी आरएसी (RAC) टिकट व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। रेलवे बोर्ड वर्तमान सिस्टम की गहन समीक्षा कर रहा है और इस बात पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है कि क्या आरएसी व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाए या इसमें सुधार किया जाए। फिलहाल यात्रियों की सुविधा और उनसे वसूले जाने वाले किराये के बीच संतुलन बनाने के लिए कई विकल्पों पर मंथन जारी है, हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
दरअसल, आरएसी सिस्टम की समीक्षा के पीछे सबसे बड़ा कारण किराये को लेकर उठ रहे सवाल हैं। मौजूदा व्यवस्था में एक ही बर्थ को दो यात्रियों के बीच बांटा जाता है, लेकिन रेलवे दोनों यात्रियों से पूरी सीट का पूरा किराया वसूलता है। अब रेलवे के भीतर ही यह मुद्दा उठने लगा है कि जब यात्री को सोने के लिए पूरी बर्थ उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, तो उससे पूरा किराया लेना कितना न्यायोचित है। हाल ही में एक संसदीय समिति ने भी इस विषय पर चिंता जताते हुए आरएसी सिस्टम की समीक्षा करने की सिफारिश की थी।
किराये के अलावा सफर के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा भी इस बदलाव की एक प्रमुख वजह है। कई बार आरएसी टिकट के तहत एक ही बर्थ पर किसी पुरुष और महिला यात्री को साथ में सीट आवंटित हो जाती है। लंबी दूरी की यात्रा में किसी अनजान व्यक्ति के साथ एक ही बर्थ साझा करना यात्रियों के लिए बेहद असहज साबित होता है, जिससे उन्हें रात में सोने और आराम करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे बोर्ड के स्तर पर तीन प्रमुख विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। पहला विकल्प यह है कि यात्रियों को बर्थ साझा कराने के बजाय सीधे पूरी बर्थ दी जाए। दूसरे विकल्प के तहत यदि यात्रियों को साझा करने वाली आधी बर्थ ही दी जाती है, तो उनसे पूरा किराया वसूलने के बजाय कम किराया लिया जाए। इसके अतिरिक्त तीसरे विकल्प के रूप में बर्थ आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और बेहतर बनाने के लिए कोई नया वैकल्पिक अपग्रेड सिस्टम लागू करने पर भी चर्चा हो रही है।
राष्ट्रपति ने खेल एवं साहसिक पुरस्कार 2025 प्रदान किए
गौरतलब है कि भारतीय रेलवे में आरएसी वेटिंग लिस्ट और कंफर्म टिकट के बीच की एक ऐसी व्यवस्था है, जिसमें यात्री को ट्रेन में यात्रा करने की अनुमति तो मिल जाती है, लेकिन उसे दूसरे यात्री के साथ सीट साझा करनी पड़ती है। यदि किसी कंफर्म टिकट वाले यात्री द्वारा बुकिंग रद्द की जाती है, तभी आरएसी टिकट कंफर्म होकर पूरी बर्थ में तब्दील होता है। फिलहाल रेलवे बोर्ड की समीक्षा प्रक्रिया जारी है और यह स्पष्ट नहीं है कि आरएसी सिस्टम पूरी तरह खत्म होगा या इसका कोई नया व किफायती मॉडल सामने आएगा। इसके लिए यात्रियों को रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।



