कोंडागांव/रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की पारंपरिक शिल्पकला अब देश के सर्वोच्च संवैधानिक भवन यानी राष्ट्रपति भवन तक अपनी विशेष पहचान बनाने जा रही है। कोंडागांव जिले के ग्राम किकिरदापारा सहित आसपास के क्षेत्रों के शिल्पकारों द्वारा तैयार की गई अनूठी कलाकृतियों ने अपनी उत्कृष्ट कारीगरी के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। इसी उपलब्धि के फलस्वरूप कोंडागांव के 38 हस्तशिल्पियों को राष्ट्रपति भवन की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विशेष मुलाकात का आमंत्रण प्राप्त हुआ है। गौरतलब है कि पूरे छत्तीसगढ़ से कुल 51 शिल्पकार इस विशिष्ट आयोजन में शामिल होने जा रहे हैं।

तय कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 16 नवंबर को सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर राष्ट्रपति भवन में यह विशेष मुलाकात आयोजित होगी। इस दौरान कोंडागांव के 38 शिल्पकार सीधे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से रूबरू होंगे और अपनी पारंपरिक कला, कारीगरी तथा पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा के अनुभव साझा करेंगे। इस ऐतिहासिक आमंत्रण को लेकर पूरे जिले के शिल्पकारों में जबरदस्त उत्साह और गौरव का माहौल है।
शिल्पकारों के दिल्ली प्रवास को सुगम बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से सभी आमंत्रित कलाकारों के भोजन, ठहरने और स्थानीय आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (NID), अहमदाबाद के सहयोग से इस विशेष आयोजन को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

राष्ट्रपति भवन से मिले इस सम्मान को लेकर स्थानीय कलाकारों की खुशी देखते ही बन रही है। शिल्पकार तिजूराम विश्वकर्मा ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का विषय बताया है, जबकि शिल्पकार सागर विश्वकर्मा का कहना है कि कलाकृति का चयन होना और राष्ट्रपति भवन से बुलावा मिलना उनकी पारंपरिक कारीगरी का बड़ा सम्मान है। वहीं, शिल्पकार राजमनी ने पहली बार राष्ट्रपति से मिलने के अवसर को अपने जीवन का सबसे यादगार पल करार दिया है।
उल्लेखनीय है कि कोंडागांव की प्रसिद्ध बेलमेटल (घड़वा कला) और लौह शिल्पकला महज सजावटी कलाकृतियां नहीं, बल्कि बस्तर की आदिवासी संस्कृति, लोक आस्था और पारंपरिक जीवनशैली का जीवंत दस्तावेज हैं। यहां के कारीगर धातु को तपाकर और गढ़कर देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों और जनजातीय जीवन की अद्भुत आकृतियां उकेरते हैं, जिसकी मांग देश के साथ-साथ विदेशों में भी है। यह मुलाकात न केवल इन शिल्पकारों की पीढ़ियों की मेहनत का सम्मान है, बल्कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने का एक सुनहरा अवसर भी है।


