बलरामपुर,
जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सबसे ज़्यादा जोर वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप के ज़रिए शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति पर रहा। कलेक्टर ने साफ कहा कि सभी शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को हर दिन वीएसके ऐप में अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वीएसके ऐप पर उपस्थिति दर्ज कराना उनकी सीधी जिम्मेदारी है। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) स्वयं वीएसके ऐप में लॉगिन कर अपने विकासखंड के स्कूलों की उपस्थिति की स्थिति रोज़ देखेंगे और उसकी नियमित मॉनिटरिंग करेंगे। जो शिक्षक और कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं या वीएसके ऐप में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं, उनका वेतन रोकने और उन पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी, बीईओ, प्राचार्यों और आहरण-संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को दिए गए।
अवकाश व्यवस्था को भी वीएसके ऐप से जोड़ा गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी कर्मचारी के छुट्टी पर रहने की स्थिति में उसके आवेदन को तुरंत स्वीकृत या अस्वीकृत किया जाए और उसकी एंट्री वीएसके ऐप में की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना छुट्टी मंजूर कराए स्कूल से गैरहाजिर रहना गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। कलेक्टर ने ऑनलाइन रिकॉर्ड को पूरी तरह सही और अद्यतन रखने पर भी जोर दिया। जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सभी डीडीओ को निर्देशित किया गया है कि सेवानिवृत्त, दिवंगत और स्थानांतरित कर्मचारियों के नाम cgschool.in पोर्टल और वीएसके ऐप से तत्काल हटाए जाएं, ताकि रिकॉर्ड में कोई गड़बड़ी न रहे।
बैठक में नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में ऑनलाइन हाजिरी की दिक्कत का मुद्दा भी उठा। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र निरापुरे ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग ने सीजीवीएसके ऐप को अपग्रेड कर दिया है। अब इसमें ऑफलाइन मोड और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की सुविधा जुड़ गई है, जिससे शिक्षक बिना इंटरनेट के भी स्कूल परिसर में चेक-इन कर सकेंगे। उपस्थिति की तारीख, समय, बायोमेट्रिक सत्यापन और जीपीएस लोकेशन का डेटा मोबाइल में सुरक्षित रहेगा और नेटवर्क मिलते ही अपने-आप मुख्य सर्वर से सिंक हो जाएगा। ऐसे में अब किसी भी शिक्षक का नेटवर्क न होने का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य कर्मचारियों की उपस्थिति का पारदर्शी ऑनलाइन रिकॉर्ड रखना और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाना है।
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मिशन आचार्य के तहत स्कूलों में स्टडी कॉर्नर विकसित करने और विद्यार्थियों में रोज़ 20 मिनट पढ़ने की आदत डालने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं का पाठ्यक्रम निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा कर उन्होंने कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों के लिए अलग कार्ययोजना बनाने, चौप्टरवार तैयारी कराने और ब्लू प्रिंट के आधार पर उत्तर लेखन का अभ्यास कराने के निर्देश दिए। हर सप्ताह टेस्ट सीरीज आयोजित कर उसके परिणामों का नियमित विश्लेषण करने को कहा गया। कलेक्टर ने अतिरिक्त कक्षाओं और विशेष शिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली तथा अपार आईडी के तहत विद्यार्थियों का पंजीयन शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी औचक निरीक्षण के साथ नियमित मॉनिटरिंग करें। साथ ही स्कूलों में अनुशासन और शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए अपने प्रशासनिक अधिकारों का प्रभावी उपयोग करें। परीक्षा की तैयारी को देखते हुए उन्होंने अनावश्यक अवकाश पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए प्राचार्यों, शिक्षकों और अधिकारियों को मिलकर काम करना होगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आगामी समीक्षा बैठक में स्कूलवार उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन और परीक्षा परिणामों में सुधार साफ दिखना चाहिए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र निरापुरे, सहायक जिला परियोजना अधिकारी श्री ओम प्रकाश गुप्ता, डीपीओ साक्षर भारत श्री हीरालाल पटवा, सर्व विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड स्त्रोत समन्वयक सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।






