जशपुर, 09 अगस्त 2026/
आगामी 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जशपुर जिला मुख्यालय में भव्य एवं गरिमामय जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस मुख्य समारोह में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जशपुर में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात वे आम जनता के नाम प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संदेश का वाचन करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जशपुर मुख्यालय में आवश्यक तैयारियाँ जोर-शोर से की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था, परेड रिहर्सल और विभिन्न सांस्कृतिक व देशभक्ति कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

