महाराष्ट्र के ठाणे में एक चौंकाने वाला हादसा सामने आया है, जहां खड़ी कार में अचानक एयरबैग खुलने से 25 वर्षीय कार डीलर मोहित सोनी की मौत हो गई। यह घटना ठाणे के काशिमीरा इलाके में हुई। पुलिस ने शनिवार को मामले की जानकारी दी।

जानकारी के मुताबिक, मोहित सोनी एक 15 साल पुरानी कार के अंदर बैठे थे। इसी दौरान अचानक कार का सेफ्टी सिस्टम एक्टिव हो गया और एयरबैग तेज गति से खुल गया। एयरबैग के जोरदार झटके से उन्हें गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्हें शरीर के किस हिस्से में घातक चोट लगी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, एयरबैग सुरक्षा के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन सही दूरी और बैठने की स्थिति बेहद जरूरी होती है। ग्लोबल ऑटोमोटिव सेफ्टी गाइडलाइन के मुताबिक, ड्राइवर की छाती और स्टीयरिंग व्हील के बीच कम से कम 10 इंच की दूरी होनी चाहिए। सीट को इस तरह एडजस्ट करें कि स्टीयरिंग से पर्याप्त दूरी बनी रहे और यदि स्टीयरिंग एडजस्टेबल हो तो उसे नीचे की ओर रखें, ताकि एयरबैग चेहरे की बजाय छाती की ओर खुले।
विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि आगे की सीट पर बैठने वाले यात्री कभी भी डैशबोर्ड पर पैर रखकर न बैठें। ऐसी स्थिति में एयरबैग खुलने पर गंभीर चोटें, यहां तक कि रीढ़ की हड्डी और पैरों में फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है।

