नई दिल्ली: केंद्रीय विद्यालयों (KVS) की शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज को पूरी तरह हाई-टेक व पारदर्शी बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केवीएस की तीन अहम डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। इनमें ‘समीक्षा’ एआई बॉट से लैस विद्या समीक्षा केंद्र (VSK), केवीएस-संवाद पेरेंट कनेक्ट ऐप व पोर्टल और केवीएस एलुमनाई कनेक्ट पोर्टल शामिल हैं। खास बात यह है कि इन तीनों प्लेटफॉर्म्स को केवीएस मुख्यालय के आईटी सेवा प्रकोष्ठ ने अपने स्तर पर ही तैयार किया है। इन पहलों का मुख्य उद्देश्य छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन के बीच सीधा व त्वरित संवाद स्थापित करना तथा कागजी कार्रवाई को खत्म करना है।
अभिभावकों की सुविधा के लिए लॉन्च किए गए केवीएस-संवाद पेरेंट कनेक्ट ऐप और वेब पोर्टल (samvaad.kvs.gov.in) के माध्यम से माता-पिता अब सीधे अपने बच्चे के स्कूल से जुड़ सकेंगे, जिससे उन्हें बार-बार स्कूल के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। इस प्लेटफॉर्म पर घर बैठे बच्चों की रोजाना की उपस्थिति, सिलेबस की प्रगति, परीक्षा परिणाम और डिजिटल छात्र पहचान पत्र देखा जा सकेगा। इसके अलावा, अभिभावक अब बोनाफाइड सर्टिफिकेट, चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस (CEA) प्रमाणपत्र और बच्चों की छुट्टी के लिए सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल पर छात्र और शिक्षक डायरी देखने के साथ-साथ डिजिटल शिक्षण संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं।

दूसरी प्रमुख पहल एआई-सक्षम विद्या समीक्षा केंद्र (samiksha.kvs.gov.in) देशभर के केंद्रीय विद्यालयों की निगरानी के लिए एक रियल-टाइम डैशबोर्ड की तरह काम करेगा। इसमें छात्रों और कर्मचारियों की उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन, स्कूल के बुनियादी ढांचे और एडमिशन से जुड़ा पूरा डेटा एक ही जगह मौजूद रहेगा। इसके साथ जोड़ा गया ‘समीक्षा’ एआई बॉट इस डेटा का खुद विश्लेषण करेगा, व्यवस्था की कमियों को पकड़ेगा और समय पर सुधार के लिए प्रशासन को सटीक सुझाव देगा।
तीसरी पहल के रूप में केवीएस एलुमनाई कनेक्ट पोर्टल (alumni.kvs.gov.in) तैयार किया गया है, जो केंद्रीय विद्यालयों से पढ़कर निकल चुके पूर्व छात्रों को अपनी जड़ों से दोबारा जोड़ने का एक समर्पित मंच है। इसके माध्यम से पूर्व छात्र अपने पुराने स्कूल और सहपाठियों से संपर्क कर सकेंगे तथा अपनी उपलब्धियां व अनुभव साझा कर सकेंगे। साथ ही, वे वर्तमान में पढ़ रहे छात्रों को मेंटरशिप, करियर मार्गदर्शन और संस्थागत विकास में भी अपना योगदान दे सकेंगे।
शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और डिजिटल इंडिया के विजन को साकार करने वाला कदम बताया। उन्होंने केवीएस की टीम को बधाई देते हुए निर्देश दिया कि इन डिजिटल सेवाओं को देश के हर केंद्रीय विद्यालय और हर कक्षा तक पहुंचाया जाए। श्री जोशी ने सुझाव दिया कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (DoSEL) के सहयोग से इस सफल मॉडल को केवीएस से आगे बढ़ाकर देश की संपूर्ण स्कूली शिक्षा व्यवस्था में लागू किया जाना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि पोर्टल पर प्रत्येक शिक्षक की ट्रेनिंग स्थिति, पुराने प्रशिक्षण का रिकॉर्ड और भविष्य की प्रशिक्षण जरूरतों का डेटा भी एकीकृत किया जाए, ताकि सही समय पर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण मिल सके। इस मौके पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव टी.के. अनिल कुमार, संयुक्त सचिव प्राची पांडेय और केवीएस आयुक्त विकास गुप्ता सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



