तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक सीफूड एक्सपोर्ट फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 7 महिला कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 67 लोग घायल हो गए। घायलों में 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

जानकारी के अनुसार, गैस रिसाव की घटना सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स यूनिट में हुई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। अरक्कोनम स्थित NDRF की चौथी बटालियन मुख्यालय से 30 सदस्यीय टीम को मौके पर रवाना किया गया। टीम गैस डिटेक्शन डिवाइस और रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु (CBRN) आपदाओं से निपटने वाले विशेष उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
प्रशासन ने इलाके की निगरानी बढ़ा दी है और गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और प्रभावित कर्मचारियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

