दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple जल्द ही अपने iPhone और अन्य प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है। कंपनी के CEO Tim Cook ने एक इंटरव्यू में संकेत दिए हैं कि मेमोरी और स्टोरेज चिप्स की वैश्विक कमी के कारण कंपोनेंट्स की लागत लगातार बढ़ रही है, जिसका असर अब प्रोडक्ट्स की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
टिम कुक ने बताया कि Apple उन चुनिंदा कंपनियों में शामिल रही है, जिसने मेमोरी संकट और बढ़ती उत्पादन लागत के बावजूद अपने स्मार्टफोन्स की कीमतों को लंबे समय तक स्थिर रखा। अब तक कंपनी अतिरिक्त लागत का बोझ खुद वहन कर रही थी, लेकिन सप्लायर्स की ओर से बढ़ते दबाव के कारण कीमतों में बदलाव करना आवश्यक हो सकता है।
इस बयान के बाद आगामी iPhone 18 सीरीज की कीमतों को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बेहतर रैम और अपग्रेडेड फीचर्स मिलने के बावजूद iPhone 18 की कीमतों में वृद्धि नहीं होगी। हालांकि टिम कुक के ताजा बयान ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।

स्मार्टफोन उद्योग में पिछले कुछ महीनों से कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत का असर देखने को मिल रहा है। कई प्रमुख स्मार्टफोन ब्रांड पहले ही अपने प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ा चुके हैं। ऐसे में Apple द्वारा भी कीमतों में बढ़ोतरी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
यदि Apple कीमतें बढ़ाती है, तो इसका सीधा असर दुनिया भर के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, खासकर उन ग्राहकों पर जो iPhone 18 सीरीज का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक नई कीमतों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

