हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के नाम पर बीमारी के इलाज, रोकथाम और नियंत्रण का दावा करने वाली कंपनियों के खिलाफ अब सख्ती की जाएगी। ऐसे उत्पादों की पैकेजिंग और लेबलिंग को लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है। इसके तहत हेल्थ सप्लीमेंट, न्यूट्रास्यूटिकल, विशेष आहार उपयोग के खाद्य पदार्थ और प्रोबायोटिक-प्रीबायोटिक उत्पादों के प्रत्येक पैक पर ‘Not for Medical Use’ लिखना अनिवार्य होगा। साथ ही उत्पाद की श्रेणी का स्पष्ट उल्लेख भी करना होगा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की ओर से जारी निर्देशों में कंपनियों को उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग और विज्ञापन संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम ऐसे उत्पादों के जरिए किए जा रहे भ्रामक स्वास्थ्य दावों पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
टीईटी परीक्षा को लेकर भड़का सरकारी शिक्षकों का गुस्सा, अध्यादेश लाने की मांग; 20 दिसंबर को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन की चेतावनी
बीमारी के इलाज का दावा करने वाली कंपनियों पर होगी कार्रवाई
प्रदेश में हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों की बड़े पैमाने पर बिक्री हो रही है। एफएसडीए की समीक्षा में कई उत्पादों में निर्धारित खुराक और अनुशंसित दैनिक मात्रा (आरडीए) का उल्लंघन, अनधिकृत सामग्री का इस्तेमाल, भ्रामक नाम और विनिर्माण एवं विपणन संबंधी नियमों की अनदेखी सामने आई है।
कुछ कंपनियां इन उत्पादों के जरिए डायबिटीज, किडनी और दूसरी बीमारियों के निदान, उपचार और रोकथाम तक के दावे कर रही हैं। जबकि हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल खाद्य पदार्थों की श्रेणी में आते हैं। इन्हें दवाओं के विकल्प के रूप में पेश नहीं किया जा सकता।
नई गाइडलाइन के बाद प्रोटीन पाउडर, विटामिन-मिनरल सप्लीमेंट, हर्बल उत्पाद, प्रोबायोटिक, प्रीबायोटिक और विशेष चिकित्सीय आहार उत्पादों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके नाम, पैकेजिंग, विज्ञापन और स्वास्थ्य संबंधी दावों पर भी निगरानी रखी जाएगी।
अंगुल में डॉ. बी.आर. आंबेडकर की प्रतिमा का हुआ भव्य अनावरण, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले रहे मुख्य अतिथि
डायबिटीज केयर और किडनी केयर नाम से नहीं बिकेंगे उत्पाद
नई गाइडलाइन के तहत डायबिटीज केयर, आर्थराइटिस केयर और किडनी केयर जैसे नामों से उत्पाद बेचने पर रोक रहेगी। ऐसे नामों के जरिए किसी बीमारी के इलाज या नियंत्रण का संकेत देने वाले उत्पादों पर कार्रवाई की जा सकती है।
इस नियम के दायरे में केवल उत्पाद बनाने वाली कंपनियां ही नहीं, बल्कि ब्रांड मालिक, कॉन्ट्रैक्ट निर्माता, री-लेबलर, री-पैकर, वितरक, थोक एवं फुटकर विक्रेता और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म भी आएंगे। यानी ऑनलाइन माध्यम से ऐसे उत्पादों की बिक्री करने वालों को भी निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
घर में कितना सोना रख सकते हैं? सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला—500, 250 और 100 ग्राम की सीमा का हवाला देकर नहीं बच सकते, पूछने पर बताना होगा खरीद का स्रोत
सप्लीमेंट में दवाओं, हार्मोन और स्टेरॉयड के इस्तेमाल पर रोक
गाइडलाइन में हेल्थ सप्लीमेंट, न्यूट्रास्यूटिकल, विशेष आहार उपयोग के खाद्य पदार्थ, विशेष चिकित्सीय प्रयोजन के खाद्य पदार्थ, प्रोबायोटिक और प्रीबायोटिक उत्पादों में दवाओं, हार्मोन, स्टेरॉयड, नारकोटिक और साइकोट्रॉपिक पदार्थों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है।
वहीं खिलाड़ियों के लिए तैयार किए जाने वाले विशेष आहार उत्पादों में विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की प्रतिबंधित सूची में शामिल पदार्थों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। हर्बल उत्पादों में भी केवल नियमन की अनुसूची-4 में अनुमत वनस्पतियों और उनके हिस्सों का ही उपयोग करने की अनुमति होगी।
जन्मदिन विशेष!! राजसी विरासत, फकीराना मिजाज: माटी के जननायक राजकुमार विजय आदित्य सिंह जूदेव
पैकेजिंग और विज्ञापन पर भी रहेगी नजर
नई व्यवस्था के तहत कंपनियों को उत्पाद के पैक पर उसकी सही श्रेणी बतानी होगी। साथ ही ‘Not for Medical Use’ की चेतावनी भी स्पष्ट रूप से लिखनी होगी। इससे उपभोक्ताओं को यह समझने में मदद मिलेगी कि हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पाद दवाएं नहीं हैं और इनका इस्तेमाल किसी बीमारी के इलाज के विकल्प के तौर पर नहीं किया जाना चाहिए।



