रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त पर उठाए जा रहे सवालों पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीखा पलटवार किया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आदतन देश की संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने में जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस जनता की अदालत में पराजित होती है, तो अपनी खीज संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग पर निकालती है।
संयुक्त प्रेस नोट से कांग्रेस का झूठ बेनकाब: सीएम
प्रेस वार्ता के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य प्रवक्ता व सांसद संतोष पांडेय, महामंत्री अखिलेश सोनी, नवीन मारकंडे और मीडिया प्रभारी हेमंत पाणिग्रही की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त सहित तीनों चुनाव आयुक्तों के संयुक्त रुख से सब कुछ स्पष्ट हो चुका है। चुनाव आयोग में किसी प्रकार का मतभेद नहीं है और एसआईआर (SIR) का निर्णय तीनों आयुक्तों की पूर्ण सहमति से लिया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का दावा पूरी तरह खोखला और बेबुनियाद है, जिसका मकसद केवल देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करना है।
‘चुनाव आयोग केवल राष्ट्रपति के प्रति जवाबदेह’
मुख्यमंत्री ने मीडिया में आई खबरों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि जिस पत्र को आधार बनाया जा रहा है, वह एक सामान्य प्रशासकीय विषय था, उसका एसआईआर या किसी नीतिगत फैसले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग केवल देश के राष्ट्रपति के प्रति जवाबदेह है, इसलिए कैबिनेट सचिव को नीतिगत मामलों में पत्र लिखने का कोई औचित्य ही नहीं बनता। जिन विषयों पर न्यायपालिका की भी सहमति रही है, उस पर कांग्रेस भ्रम और सनसनी फैला रही है।
ईवीएम और न्यायपालिका पर सवाल उठाने पर घेरा
सीएम साय ने कहा कि राहुल गांधी लगातार ईवीएम पर सवाल उठाते हैं और उसे ‘ब्लैक बॉक्स’ बताते हैं, जबकि उसी व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया के तहत आज देशभर में कांग्रेस के 600 से अधिक विधायक और दर्जनों लोकसभा सांसद जीतकर आए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी इस आधार पर अपने पद से इस्तीफा देंगे? मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अज्ञानता में उसी डाल को काट रही है जिस पर वह बैठी है।
‘सेना और देश का अपमान करने वाले मांगें माफी’
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विदेशी मंचों पर भारत और देश की न्यायपालिका की छवि धूमिल करना और भारतीय सेना के शौर्य पर विवादित टिप्पणियां करना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली बन चुकी है। सीएम साय ने कहा कि भारत का चुनाव आयोग पूरी दुनिया में निष्पक्षता और विश्वसनीयता के लिए जाना जाता है और पूरा देश आयोग के साथ खड़ा है। उन्होंने मांग की कि निराधार आरोप लगाने के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।























