त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग में नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। यात्रियों की भारी मांग के बीच पहली बार एक ही दिन में 20 लाख से अधिक टिकट बुक किए गए। IRCTC के अनुसार, एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के तहत त्योहारी यात्राओं की बुकिंग के चलते 7 सितंबर को कुल 20 लाख 6 हजार 353 टिकटों की रिकॉर्ड बुकिंग दर्ज की गई।
इसके ठीक अगले दिन 8 सितंबर को भी लगभग 19.50 लाख टिकट बुक किए गए। इससे पहले पिछले साल एक दिन में अधिकतम 18.40 लाख टिकटों की बुकिंग का रिकॉर्ड था, जिसे इस बार पीछे छोड़ दिया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय रेल में आरक्षित श्रेणी के कुल टिकटों में से लगभग 89 फीसदी टिकट अब ऑनलाइन बुक हो रहे हैं, जबकि केवल 11 फीसदी यात्री ही ऑफलाइन काउंटरों का उपयोग कर रहे हैं।
बच्चों के मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश
तकनीकी सुधार और बॉट ट्रैफिक पर नकेल
IRCTC के अनुसार, सिस्टम की क्षमता और स्पीड बढ़ाने के लिए एंटी-बॉट (Anti-BOT) और सीडीएन (CDN) तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इस कदम से सिस्टम पर आने वाले बॉट ट्रैफिक में करीब 55 से 65 फीसदी की गिरावट आई है। साथ ही अधिकृत एजेंटों (जैसे YTSK और RTSA) के लिए सुबह 8:00 बजे से 8:10 बजे तक ARP टिकट बुकिंग पर रोक लागू है। ओपनिंग विंडो के दौरान सामान्य यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आधार-सत्यापित उपयोगकर्ताओं के नियम को अनिवार्य बनाया गया है।
Railway General Ticket: अब गली-मोहल्ले में मिलेगा जनरल टिकट, रेलवे ने JTBS-YTSK को दी बड़ी सुविधा
3 करोड़ से अधिक फर्जी आईडी बंद
दलालों और अवैध सॉफ्टवेयर पर सख्त कार्रवाई करते हुए IRCTC ने अब तक 3.04 करोड़ फर्जी यूजर आईडी निष्क्रिय (Block) कर दी हैं, जबकि 6.33 करोड़ आईडी को पुनः सत्यापन (Re-validation) के दायरे में भेजा गया है। इसके अलावा 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन को भी पूरी तरह ब्लॉक किया गया है। विभाग का कहना है कि इन कड़े सुरक्षा उपायों के चलते वास्तविक यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम हुई है।























