ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। दिल्ली से महोबा जा रही एक निजी डबल डेकर स्लीपर बस में दयानतपुर गांव के पास अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तड़के करीब 3:30 बजे प्रशासन ने 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत होने की पुष्टि की है, जबकि कई गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चीख-पुकार के बीच खिड़कियों से कूदकर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों और टोल कर्मियों के अनुसार, रात के अंधेरे में चलती बस से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। लपटें देखते ही यात्रियों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को तुरंत एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया।
दरवाजा खुलने और शीशे तोड़कर कई यात्री खिड़कियों से कूदकर जान बचाने में सफल रहे, लेकिन स्लीपर बर्थ और केबिन में फंसे कई लोग बाहर नहीं निकल सके। मृतकों में महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
बस के अंदर पटाखे फूटने की आवाजें, अवैध बारूद की आशंका
हादसे के कारणों की प्राथमिक जांच में एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि जब बस आग की लपटों से घिरी थी, तब उसके अंदर से लगातार जोरदार धमाके और पटाखे फूटने जैसी आवाजें आ रही थीं।
आशंका जताई जा रही है कि सामान (लगेज) के साथ अवैध रूप से पटाखों की खेप ले जाई जा रही थी, जिसने आग को चंद मिनटों में विकराल बना दिया। पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमें मौके से साक्ष्य जुटाकर इस बिंदु की गहन जांच कर रही हैं।
4–5 दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग, 20 मिनट रोका गया ट्रैफिक
दुर्घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम, स्थानीय थाना पुलिस और 4 से 5 फायर टेंडर तत्काल मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। बचाव अभियान और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने जेवर टोल और फलैदा कट पर लगभग 20 मिनट के लिए यातायात रोक दिया था, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।
बिहार नंबर की थी बस, दर्ज होगा केस
हादसाग्रस्त स्लीपर बस ‘राज कल्पना ट्रैवल्स’ की बताई जा रही है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR 32 PA 8647 (बिहार) है। यह ट्रैवल्स कंपनी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन करती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। आग लगने के सटीक तकनीकी और मानवीय कारणों की जांच की जा रही है तथा लापरवाही साबित होने पर बस संचालक और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























