छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसलंघना में खेत में बैल चरने की मामूली बात को लेकर उपजे विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक आरोपी ने बुजुर्ग की डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, साथ ही घटना में प्रयुक्त डंडों को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह सनसनीखेज वारदात 11 नवंबर 2026 की शाम करीब सवा पांच बजे की है। ग्राम बसलंघना निवासी 56 वर्षीय एतवा राम शाम के वक्त अपने बैल चराने के लिए घर के नीचे स्थित टंगरागढ़ा खेत की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उनके बैल गांव के ही फिटू राम उर्फ धनक राम के खेत में धान चरने लगे, जिससे नाराज होकर आरोपी ने बुजुर्ग के साथ विवाद शुरू कर दिया। आक्रोशित आरोपी फिटू राम ने पहले पतले बांस के डंडे से मृतक के पीठ और जांघ पर ताबड़तोड़ वार किए और इसके बाद पास ही पड़े लकड़ी के भारी डंडे से उन पर लगातार प्रहार किया। बीच-बचाव करने आए अन्य ग्रामीणों के साथ भी आरोपी ने अभद्रता और मारपीट की, जिससे गंभीर रूप से घायल होकर एतवा राम अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों द्वारा तुरंत घायल एतवा राम को एक वाहन से जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रार्थी दीपक बघेल की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाने में तत्काल मर्ग कायम कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदेही फिटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही और मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो नग लकड़ी और बांस के डंडों को घटनास्थल के पास की झाड़ियों से जप्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, और इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख समेत पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।



