5 साल की सेवा पूरी कर चुके पात्र सहायक शिक्षकों के लिए खुला व्यायाम शिक्षक बनने का रास्ता, ई-संवर्ग में 1513 और टी-संवर्ग में 922 पद स्वीकृत
रायपुर।
सरकारी स्कूलों में खेल एवं शारीरिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। व्यायाम शिक्षक (पीटीआई) और सहायक कोच के कुल 2435 पदों को मंजूरी दी गई है। खास बात यह है कि इन पदों में 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती और शेष 50 प्रतिशत पद पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे।
इस फैसले को लेकर शिक्षक संगठनों में भी उत्साह है। लंबे समय से सहायक शिक्षकों को उनके सेवा अनुभव और निर्धारित योग्यता के आधार पर पदोन्नति का अवसर देने की मांग उठती रही है। सर्व शिक्षक संघ ने इसे संगठन के लगातार प्रयासों और मेहनत का परिणाम बताया है।
14 जिलों के DEO और DSE को कारण बताओ नोटिस, विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण
1513 ई-संवर्ग और 922 टी-संवर्ग पद
स्वीकृत 2435 पदों में ई-संवर्ग के 1513 पद शामिल हैं, जबकि जनजातीय क्षेत्रों के टी-संवर्ग के लिए 922 पद निर्धारित किए गए हैं। इन पदों के माध्यम से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खेल एवं शारीरिक शिक्षा के ढांचे को और मजबूत करने का लक्ष्य है।
सहायक शिक्षकों के लिए पदोन्नति का नया रास्ता
नए प्रावधान में कम से कम 5 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके सहायक शिक्षकों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता तथा क्रीड़ा/शारीरिक शिक्षा संबंधी अहर्ता पूरी करने पर पदोन्नति के माध्यम से व्यायाम शिक्षक बनने का अवसर दिया जाएगा।
पदोन्नति की प्रक्रिया ई और टी संवर्ग के लिए अलग-अलग संचालित की जाएगी। इससे लंबे समय से पदोन्नति के अवसर की प्रतीक्षा कर रहे पात्र शिक्षकों के लिए एक नया विकल्प सामने आया है।
“सर्व शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रदीप पाण्डेय” का कहना है कि शिक्षकों की पदोन्नति, सेवा अनुभव और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को संगठन लगातार शासन के सामने उठाता रहा है। पीटीआई पदों में पदोन्नति का प्रावधान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।संगठन आगे भी शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और पदोन्नति के अवसरों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा।
स्थानीय युवाओं के लिए भी 50% पद
2435 पदों में से 50 प्रतिशत पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को आयु सीमा में राहत देते हुए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष तक रखी गई है।
सर्व शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रवक्ता मोहम्मद यासीर इरफ़ान ने बोला—लगातार संघर्ष का परिणाम है फैसला, और आगे अब पूर्व सेवा गणना के लिए संघर्ष सभी संगठन के साथ मिलकर किया जायेगा।
जिला नहीं, संभाग स्तर पर होगी प्रक्रिया
व्यायाम शिक्षकों की नियुक्ति एवं पदोन्नति के लिए संभाग स्तर पर चयन समिति गठित की जाएगी। समिति में शिक्षा विभाग के संभागीय अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, उप संचालक तथा खेल विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे।
प्राथमिक शिक्षकों को भी मिलेगा अवसर
नए प्रावधान का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर चुके और आवश्यक क्रीड़ा/शारीरिक शिक्षा अहर्ता रखने वाले प्राथमिक शिक्षक भी उच्च पद पर जाने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
पेंशन प्रकरणों में बड़ी लापरवाही: मुंगेली में 6 अधिकारी-कर्मचारी सस्पेंड, विभाग में मचा हड़कंप!
शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष रितेश सिंह ने कहा कि शारीरिक शिक्षक वर्ग के के हित में लगातार की गई मेहनत आख़िरकार रंग लाई है। “प्रदीप पाण्डेय” के साथ जाकर कई बार पीटीआई के पद में नियुक्ति और प्रमोशन के लिए शिक्षासचिव और डीपाई से चर्चा का सुखद परिणाम आखिरकार आज हमें प्राप्त हुआ है और आगे भी पीटीआई संवर्ग के लिए उनके हक़ में हम आवाज़ उठाते रहेंगे।























