नियमितीकरण, 30 हजार रुपये मानदेय और पदोन्नति सहित कई मांगें; मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान कर दिया है। छत्तीसगढ़ जुझारू कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उन्होंने शासन से नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
संघ की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियमित कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना शामिल है। नियमितीकरण होने तक न्यूनतम 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देने की मांग भी रखी गई है। इसके अलावा पदोन्नति और सेवा समाप्ति पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि देने की मांग की गई है।
पर्यवेक्षक के 50 प्रतिशत पदों पर पदोन्नति की मांग
संघ ने प्रदेश में पर्यवेक्षक के 200 से अधिक रिक्त पदों पर आयु सीमा में छूट देकर बिना परीक्षा 50 प्रतिशत पदों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पदोन्नति देने की मांग की है। वहीं सहायिकाओं को शत-प्रतिशत कार्यकर्ता पद पर पदोन्नत करने का प्रस्ताव रखा गया है।
मोबाइल और इंटरनेट भत्ता बढ़ाने की मांग
कार्यकर्ताओं ने पोषण ट्रैकर सहित विभिन्न मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन काम का बोझ बढ़ने के बावजूद पर्याप्त संसाधन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने और इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है। मुनगा एप के माध्यम से काम लेने का विरोध करते हुए इसे बंद करने की मांग भी की गई है।
इसके साथ ही महतारी वंदन योजना के कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि देने की मांग रखी गई है। संघ ने स्पष्ट किया है कि प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने पर योजना से संबंधित कार्य नहीं किया जाएगा।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से शासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। विभागीय जिम्मेदारियों के साथ लगातार नए डिजिटल कार्य जोड़े जा रहे हैं, लेकिन मानदेय और सुविधाओं में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है।
संघ ने साफ किया है कि पहले चरण में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन होगा। इसके बाद भी शासन ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर उतरेंगी।



